500 के गमछे की 11 करोड़ की बोली, मोदी जी भी कमाल और उनका गमछा भी कमाल

जागरण की खबर के मुताबिक मोदी जी के 500 रुपये की कीमत वाले गमछे (अंगवस्त्र) के लिए बोली 11 करोड़ रुपये लगी है। हालांकि नीलामी वाली वेबसाइट (https://www.pmmementos.gov.in/) पर बोली 55,000 ही दिखाई जा रही है।


गमछा यानि आम आदमी की खास पहचान। लोग गमछे का रंग और इस्टाइल देख के बता देते हैं कि फलां आदमी कहां से होगा? रिक्शेवाला हो या संसद में बैठा नेता। गमछे का अलग ही स्वैग है। अब सोचिए कि जब आम से इंसान के लिए गमछे का इतना भौकाल है तो ये बोली में लगने वाला गमछा इतना खास क्यों है? तो भैया बता दें कि ये गमछा किसी ऐरे गैरे नथ्थू खैरे इंसान का नहीं बल्कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी का है।


नमामि गंगे प्रोजेक्ट के लिए पैसे जुटाने के लिए मोदी जी ने ये कमाल का तरीका निकाला है। वो अपने विदेश दौरों और अन्य खास मौकों पर मिले स्मृति चिन्हों कि बोली लगवा रहे हैं।  उससे जो भी पैसा इकट्ठा होता है, उसे गंगा मैया को समर्पित कर दिया जाता है।


जागरण के मुताबिक मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान मिले उपहारों की बोली, 27 जनवरी 2019 से लेकर 9 फरवरी 2019 तक चली थी। जिसमें 4000 से भी अधिक उपहार नीलाम किए गए थे। तब सबसे महंगी एक लकड़ी से बनी बाइक बिकी थी। वो भी मात्र पांच लाख में।


पिछली बार ये बोली ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन भी चली थी। लोगों ने इंडिया गेट के पास बनी राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (नगमा) में जाकर भी बोली में भाग लिया था।


इस बार सारी नीलामियां ऑनलाइन ही होंगी। इस बार की नीलामी में 2772 उपहार रखे गए हैं। आप संग्रहालय जाकर इन चिन्हों और उपहारों को देख सकते हैं। इस बार सबसे कम कीमत बप्पा कि मूर्ति की रखी गई है, मात्र 200 रूपए। सबसे महंगे उपहार की कीमत 2.5 लाख रखी गई है। इन उपहारों की कीमत को निर्धारित करने के लिए कला विशेषज्ञों के साथ- साथ केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआइसी) की मदद ली गई है। ताकि कीमतों में किसी भी तरह की धांधली न हो।